धौलपुर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसेड़ी थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया। बसेड़ी थाना प्रभारी बालकृष्ण ने बताया कि थाना पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी बसेड़ी-बयाना रोड से पिपरोन जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस (315 बोर) मिला। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बसेड़ी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 09/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अवैध हथियार के स्रोत और अन्य संभावित संलिप्तता के संबंध में आगे की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लोकेन्द्र (उम्र 29 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी पिपरोन, थाना बसेड़ी, जिला धौलपुर के रूप में हुई है। पुलिस प्रशासन ने बताया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


