उज्जैन में सोमवार को फ्रीगंज ब्रिज के पास बने रेलवे के फुट ओवरब्रिज को बड़ी क्रेन की मदद से ढहा दिया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुराने शहर और फ्रीगंज को जोड़ने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और उज्जैन से भोपाल की ओर जाने वाले रेल मार्ग को करीब एक घंटे के लिए बंद किया गया। एफओबी को सुरक्षित ढहाने के बाद रेलवे लाइन और आरओबी को फिर से शुरू कर दिया गया है। उज्जैन में आगामी सिंहस्थ को देखते हुए फ्रीगंज से पुराने शहर को जोड़ने के लिए ब्रिज 91.76 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जा रहा है। नया ब्रिज बनने से शहर के बढ़ते ट्रैफिक को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। पुराने शहर और फ्रीगंज को जोड़ने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की प्रारंभिक शुरुआत के बाद ब्रिज निर्माण के बीच रेलवे फुट ओवरब्रिज (आरओबी) बाधा बन रहा था। रेलवे कॉलोनी से गौण बस्ती को मिलाने वाले करीब 45 साल पुराने रेलवे फुट ओवर ब्रिज (आरओबी) को हटाने के लिए रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ के आला अधिकारी की मौजूदगी में भरी भरकम क्रेन की मदद से सुरक्षित हटा दिया गया। आरपीएफ टीआई नरेंद्र यादव ने बताया- पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के उज्जैन स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज संख्या 6 जो फ्रीगंज रोड ओवर ब्रिज के समानांतर है। उसके गार्डर डी – लॉन्चिंग का कार्य किया गया। इसके लिए एक घंटे तक रेलवे के ओवर ब्रिज और रेलवे लाइन को एक घंटे के लिए बंद किया गया था।


