अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा ने सोमवार को खैरथल जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में विश्वकर्मा जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की गई है। महासभा ने ज्ञापन में बताया कि राजस्थान में जांगिड़ सुथार समाज बहुतायत में निवास करता है और भगवान विश्वकर्मा उनके आराध्य देव हैं। जांगिड़ सुथार समाज के अलावा सुरंकार, लोहार, पांचाल सहित कई अन्य शिल्पी जातियां भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा करती हैं। इसके अतिरिक्त, समस्त सरकारी व अन्य प्रतिष्ठानों, कारखानों और व्यक्तिगत कार्यों में मजदूर, मिस्त्री व इंजीनियर भी किसी भी कार्य का शुभारंभ भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा करके ही करते हैं। वर्तमान में राज्य सरकार ने विश्वकर्मा जयंती (माघ शुक्ला त्रयोदशी) पर ऐच्छिक अवकाश घोषित किया हुआ है। हालांकि, काफी समय से इस जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग उठ रही है। महासभा ने सरकार से इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित कर समाज को अनुग्रहित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर कैलाश चंद शर्मा, राजेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र जांगिड़, देशराज जांगिड़, फूलसिंह जांगिड़, गुरुदत्त, योगेश कुमार, सतीश कुमार जांगिड़, राम अवतार, सतीश जांगिड़, मुकेश कुमार जांगिड़, हेमराज जांगिड़ और रमेश जांगिड़ सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


