जांजगीर-चांपा जिले के केरा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे पार्षद पति नारायण सोनवान को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। कार ने एक ऑटो को भी टक्कर मारी। पुलिस ने नशे में धुत कार चालक अमन गोयल को गिरफ्तार कर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 जनवरी की रात करीब 8 बजे भाटापारा केरा रोड स्थित कब्रिस्तान के सामने हुई। ब्रेजा कार क्रमांक CG-29-F-3765 का चालक तेज रफ्तार और शराब के नशे में वाहन चला रहा था। चालक ने पहले सड़क पर पैदल चल रहे नारायण सोनवान को टक्कर मारी। इसके बाद, कुछ दूरी पर उसी दिशा में जा रहे एक ऑटो को भी जोरदार ठोकर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान पार्षद पति की मौत हादसे में गंभीर रूप से घायल नारायण सोनवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ऑटो चालक को भी चोटें आईं, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके से आरोपी कार चालक अमन गोयल को पकड़ लिया। डॉक्टरी मुलाहिजा में वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में गैर इरादतन हत्या (धारा 304ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार, कार में रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब के नशे में जानबूझकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


