जयपुर में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए राहत की खबर है। जयपुर जिला प्रशासन ने जिले में तेज सर्दी और घने कोहरे को देखते हुए स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के बच्चों की छुट्टियां घोषित की है। इससे पहले गंगानगर, हनुमानगढ़, बूंदी, बारां समेत कई जिलों में कलेक्टरों ने स्कूलों में छुट्टियां घोषित की। 25 दिसंबर से 4 जनवरी तक चले विंटर वैकेशन (सर्दियों की छुट्टियों) खत्म करके आज बच्चे घने कोहरे और शीतलहर के कारण ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। जयपुर में शहर में कोहरे का असर दोपहर 2 बजे तक रहा। दोपहर 2 बजे बाद कुछ इलाकों में हल्की धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं से ठिठुरन रही। इसे देखते हुए जयपुर कलेक्टर ने कक्षा प्राइमरी से 5वीं तक के बच्चों के लिए 10 जनवरी तक और कक्षा 6 से 8वीं तक के बच्चों के लिए 8 जनवरी तक छुट्टियां घोषित कर दी। जयपुर में आज सीजन की सबसे ठंडी रात और दिन बीती रात जयपुर में सीजन की सबसे सर्द रात और सर्द दिन रहा। यहां बीती रात न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में सुबह से घना कोहरा रहा और दिन में तेज सर्द हवाएं चली। इस कारण आज दिन का अधिकतम तापमान भी 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले 4 जनवरी को जयपुर में अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


