राजकीय महाविद्यालय खैरथल में NSS के सात दिवसीय शिविर के चौथे दिन सोमवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस लक्ष्य गीत के समूह गायन से हुई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने योग और जुंबा किया। युवाओं ने महाविद्यालय परिसर में लगे वृक्षों को पानी देने के लिए पाइप लगाए और खेल मैदान को विकसित करने के लिए श्रमदान भी किया। बौद्धिक सत्र के दौरान, एनएसएस और महाविद्यालय की मतदाता साक्षरता समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने समूह में विषय से संबंधित पोस्टर बनाए। प्राचार्य डॉ. नीतू जेवरिया ने स्वयंसेवकों को मतदान करने और अपने परिजनों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। मतदाता साक्षरता क्लब के प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने युवाओं को एस आई आर की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें अपने आस-पड़ोस में जागरूकता लाने का आह्वान किया। इस दौरान निशा, रणवीर, राधा, कृष कुमार, भारती और प्रीति कुमारी सहित कई स्वयंसेवकों ने ‘जागरूक मतदाता सशक्त लोकतंत्र’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। सांस्कृतिक सत्र में रिया, आशा और पायल ने राजस्थानी लोकनृत्य की धुनो पर अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में डॉ. सरस्वती मीणा, साक्षी जैन, मीठालाल रैगर, विक्रम सिंह, मनोज गुप्ता, आशीष शर्मा, प्रभुदयाल और सौम्या बारेठ सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।


