एसपी ने कॉन्स्टेबल को बहादुरी के लिए किया सम्मानित:पूंछरी के लौठा में गैस सिलेंडरों में लगी आग पर पाया था काबू

जिले के पूंछरी के लौठा में गैस सिलेंडरों में लगी आग के दौरान अदम्य साहस दिखाने वाले कॉन्स्टेबल रामवीर सिंह को सोमवार को एसपी ओम प्रकाश मीना ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह घटना 3 जनवरी 2026 को पूंछरी के लौठा स्थित श्रीनाथजी मंदिर के सामने एक गेस्ट हाउस में हुई थी। भंडारे की तैयारी के दौरान रसोई गैस के दो सिलेंडरों में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग भयभीत हो गए। इसी दौरान पुलिस चौकी पूंछरी का लौठा, थाना सदर डीग पर तैनात कॉन्स्टेबल रामवीर सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने जलते हुए दोनों गैस सिलेंडरों को कमरे से बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया गया। स्थानीय लोगों ने कॉन्स्टेबल रामवीर सिंह के इस साहसिक कदम की सराहना की है। उनका मानना है कि यदि समय रहते यह कार्रवाई नहीं की जाती, तो आग विकराल रूप ले सकती थी और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। कॉन्स्टेबल रामवीर सिंह की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीना ने कहा कि ऐसे जांबाज पुलिसकर्मी विभाग की शान हैं और उनका यह कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *