डीडवाना में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला परिवहन कार्यालय ने जागरूकता अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान परिवहन निरीक्षक देवेंद्र अकोदिया ने डीडवाना-सीकर और डीडवाना-नागौर मार्ग पर स्थित बस स्टैंडों पर वाहन ड्राइवरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। परिवहन निरीक्षक ने वाहन ड्राइवरों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सतर्कता से वाहन चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होती है। अकोदिया ने तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी के दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रमुख सड़क सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें राह वीर स्कीम, सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम, जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम और केशलैस ट्रीटमेंट योजना-2025 प्रमुख थीं। इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता, नागरिक सहभागिता और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। कार्यक्रम के अंत में वाहन ड्राइवरों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।


