बालाघाट के ग्रामीण थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 48 वर्षीय नानोलाल नागौसे की जान चली गई। यह हादसा दोपहर करीब 4 बजे बगदर्रा और कोसमी के बीच हुआ। वारासिवनी क्षेत्र के रेंगाटोला निवासी नानोलाल नागौसे अपनी नातिन संध्या को लेकर अपनी बेटी के घर बगदर्रा कुटिया जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल नानोलाल और दूसरी बाइक पर सवार 30 वर्षीय राहुल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल राहुल को उसके परिजन बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए हैं। नानोलाल की नातिन संध्या को मामूली चोटें आई थीं, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक का एक बेटा दो बेटियां हैं अस्पताल की सूचना पर चौकी पुलिस ने नानोलाल के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमॉर्टम मंगलवार को किया जाएगा। नानोलाल के परिवार में एक बेटा (जो इंजीनियर है) और दो बेटियां हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


