हनुमानगढ़ में नाली की सफाई के दौरान मिला भ्रूण:दुर्गा कॉलोनी क्षेत्र की घटना, मामले की जांच में जुटी पुलिस

हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड 18 में दुर्गा कॉलोनी में नेहरू समिति स्कूल के पास सोमवार को नाली की सफाई के दौरान एक भ्रूण मिला। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई। पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि ने बताया कि नगर परिषद का सफाई कर्मचारी रवि रोजाना की तरह नाली की सफाई कर रहा था। सफाई के बाद वह वहां से चला गया। कुछ समय बाद वहां से गुजर रही एक महिला की नजर नाली से निकाले गए कचरे पर पड़ी, जिसमें भ्रूण दिखाई दिया। महिला ने तुरंत आसपास मौजूद दुकानदारों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर जंक्शन थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भ्रूण को कब्जे में लिया और उसे जिला अस्पताल के मॉर्च्युरी कक्ष में भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही भ्रूण की उम्र और अन्य तथ्यों का पता चल पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि भ्रूण किसने और किन परिस्थितियों में नाली में फेंका। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *