बीकानेर में कम सर्दी के कारण छुट्टी नहीं:यथावत समय पर लगेंगे स्कूल, पारा गिरा तो होगा अवकाश

बीकानेर में सर्दी के मौसम को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सोमवार को बैठक हुई। जिसमें यह फैसला लिया गया कि फिलहाल स्कूलों में अवकाश घोषित नहीं किया जाएगा। न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट नहीं होने के कारण स्कूलों को नियमित समय पर संचालित करने का फैसला किया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि इस बार शैक्षणिक सत्र जल्दी शुरू हुआ है। इसके बावजूद कई स्कूलों में अब तक पूरा कोर्स नहीं हो पाया है। ऐसे में पढ़ाई का दबाव बना हुआ है और छुट्टी देने से शैक्षणिक गतिविधियां और प्रभावित हो सकती हैं। जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण ने स्पष्ट किया कि सर्दी की छुट्टी को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे कोई फैसला किया जाएगा। फिलहाल जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल अपने यथावत समय पर ही संचालित होंगे और विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल आना होगा। ये हैं तापमान के हाल पिछले 10 दिनों के तापमान के विश्लेषण को आधार बनाएं तो बीकानेर में न्यूनतम तापमान सामान्यतः 8 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। इस दौरान न तो न्यूनतम तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई और न ही शीतलहर जैसी गंभीर स्थिति बनी। दिन के समय धूप और अपेक्षाकृत सामान्य तापमान रहने से मौसम बच्चों के स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक प्रतिकूल नहीं माना गया। इसी कारण प्रशासन और शिक्षा विभाग का मानना है कि सर्दी की तीव्रता ऐसी नहीं है, जिसके आधार पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए, खासकर तब जब शैक्षणिक सत्र जल्दी शुरू होने और कोर्स पूरा न होने के कारण पढ़ाई का दबाव भी बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *