नागौर जिले के मूंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम बू-नरावता में राजस्व और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम पर पथराव करने व राजकार्य में बाधा डालने के मामले में नागौर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में पुलिस ने इस प्रकरण में संलिप्त 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त 3 डम्पर जब्त किए हैं और 9 मोटरसाइकिलों को भी जांच के लिए डिटेन किया है। निरीक्षण के दौरान हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी को माइनिंग और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम ग्राम बू-नरावता में अवैध खनन की रोकथाम के लिए निरीक्षण करने पहुंची थी। वहां मैसनरी स्टोन का अवैध खनन पाया गया। टीम को देखकर मौके से खननकर्ता अपनी मशीनरी लेकर जाने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों और अवैध खननकर्ताओं ने सरकारी टीम के कार्य में बाधा उत्पन्न की और पथराव शुरू कर दिया। राजकार्य में बाधा और वाहन क्षतिग्रस्त घटना के दौरान खनिज विभाग के सरकारी वाहन को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों के प्रति आक्रामक व्यवहार किया और ड्यूटी पर तैनात टीम को डराने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की अग्रिम जांच जारी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों को उनके कार्य में बाधा पहुंचाना और कानून का उल्लंघन करना गंभीर श्रेणी का अपराध है। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों के विरुद्ध थाना मूंडवा में विभिन्न धाराओं और एमएमआरडी (MMRD) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब अन्य साक्ष्यों को जुटाने और इस प्रकरण में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है।


