भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिले के कूटमु देशवली प्रांगण, लोहरदगा में आदिवासी सहयोग समिति लोहरदगा के नेतृत्व में फाइनेंशियल अवेयरनेस (वित्तीय जागरूकता) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय उरांव समाज समन्वय समिति की संस्थापक सह अध्यक्ष एवं प्रख्यात फाइनेंशियल एक्सपर्ट निर्मला प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। भोपाल, मध्यप्रदेश से आईं निर्मला प्रधान सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ वित्तीय परामर्श के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि आम लोग अपनी आय को सही दिशा में निवेश कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने स्टॉक, शेयर बाजार, बॉन्ड, ऑप्शन, इंट्राडे, कमोडिटी, इक्विटी, गोल्ड, प्रॉपर्टीज सहित ग्लोबल मार्केट जैसे क्रिप्टो और फॉरेक्स मार्केट की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड जैसे बढ़ते खतरों से बचाव के उपायों पर भी लोगों को जागरूक किया। निर्मला प्रधान ने भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एजुकैंडल के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि एजुकैंडल दीपों के प्रकाश की तरह है, जहां विभिन्न कोर्स के माध्यम से ट्रेडिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलता है। वर्तमान समय में देश में आर्थिक असमानता और बढ़ती बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को देखते हुए उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को ऐसे प्लेटफॉर्म से जोड़ें, जिससे वे अपनी आय को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकें और परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकें। उन्होंने विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में फिनटेक मार्केट की जानकारी के अभाव पर चिंता जताई और कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने से इन क्षेत्रों के युवा भी वित्तीय क्षेत्र में अपना उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं। मौके पर आदिवासी सहयोग समिति के अध्यक्ष शिवदयाल उरांव, मुख्य शिक्षा प्रभार जोगिया उरांव, पूर्व सहायक कमांडेंट सीआरपीएफ गृह प्रभार जितेंद्र उरांव, भंडरा प्रखंड अध्यक्ष बुद्धेश्वर उरांव, आर्मी से तेम्बु उरांव, पूर्व आर्मी जीतसहाय भगत, पूर्व ऑर्डिनरी कैप्टन आर्मी महावीर भगत, पूर्व सीआरपीएफ सहित विभिन्न जिलों से आए ग्रामीणों की उपस्थिति थे।


