भास्कर न्यूज|भरनो/गुमला आगामी 26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस का समारोह गुमला जिला के लिए गर्व की अनुभूति कराएगा।वजह है,भारत की राजधानी दिल्ली के लाल किला के ग्राउंड में होने वाले ऐतिहासिक गणतंत्र दिवस की परेड में झारखंड की बहुचर्चित लोक नृत्य शैली कड़शा की झांकी गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत की जाएगी। झारखंड की गुमला जिला के भरनो निवासी प्रसिद्ध लोक गायिका सह शिक्षिका सुषमा नाग के नेतृत्व में 30 कलाकारों का दल 7 जनवरी को गुमला जिला के भरनो से दिल्ली के लिए रवाना होगी। जिसमें भरनो,सिसई,बसिया, चैनपुर सहित कई प्रखंडों के महिला,पुरुष कलाकार भाग लेंगे।भरनो मुख्यालय स्थित अमनपुर निवासी बहुमुखी प्रतिभा की धनी सुषमा नाग अपनी प्रतिभा से कई बार गुमला जिला को गौरवान्वित होने का मौका दी है,परंतु इस बार की उपलब्धि बड़ी है,भारत सरकार के कला संस्कृति मंत्रालय के निमंत्रण पर कड़शा नृत्य में महारत सुषमा नाग झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।26 जनवरी 2026 गणतंत्र दिवस समारोह स्थल लाल किला में प्रस्तुत होने वाले कड़शा नृत्य की झांकी को लेकर कलाकार खासे उत्साहित हैं,युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही हैं,झारखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका सह शिक्षिका सुषमा नाग से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया झारखंड की लोक संस्कृति की अद्भुत नृत्य शैली कड़शा है,यह झारखंड की संस्कृति, सभ्यता,समृद्धि एवं पारंपरिक जीवन शैली को प्रदर्शित करती है।गणतंत्र दिवस समारोह में कड़शा नृत्य शैली की झांकी दिखलाने का मौका मिला है,झारखंडी नृत्य शैली को वैश्विक पहचान मिलेगी और झारखंडी सभ्यता संस्कृति को पूरी दुनिया के लोग देखेंगे।


