भास्कर न्यूज|लोहरदगा बीसीसीआई द्वारा आयोजित सैय्यद मुश्ताक अली क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड टीम की शानदार जीत के बाद मिले चैंपियनशिप ट्रॉफी को सोमवार को लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा जिले के डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत व एसडीपीओ (आइपीएस) वेदांत शंकर उपस्थित थे। मौके पर उन्होंने कहा कि मुश्ताक अली क्रिकेट टूर्नामेंट जीत कर झारखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा यह झारखंड में क्रिकेट को ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा इस जीत से जिले के खिलाड़ियों को प्रेरणा लेने की जरूरत है। खिलाड़ी अपनी मेहनत से जिला में क्रिकेट की ऊंचाइयों पर ले जाएं।उन्होंने इस ट्रॉफी की जीत पर जेएससीए के साथ-साथ लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन को बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि जिले के खिलाड़ी भी अपने मेहनत की बदौलत राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जेएससीए से आए सुरेश कुमार ने कहा कि यही ट्रॉफी झारखंड के सभी जिलों में ले जाया जा रहा है ताकि इससे जिले के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल सके तथा वह बेहतर प्रदर्शन करें। लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव आलोक राय ने कहा कि आज लोहरदगा जिला क्रिकेट के लिए गौरव का दिन है। यहां इस विजयी ट्रॉफी का आगमन हुआ है। संचालन अजय प्रसाद ने किया। मौके पर जेएससीए के सदस्य सुरेश कुमार तथा लोहरदगा जिला क्रिकेट संघ के कार्यकारी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता, सहसचिव प्रवीण प्रसाद, दुर्गा प्रजापति, अमित कुमार, आशीष कुमार, आजात शत्रु, जयजीत चौबे, मोहम्मद जब्बारुल, संदीप मिश्रा, सरोज प्रजापति, नारी सम्मान ग्रुप की महिलाएं, स्कूली बच्चे तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट खिलाड़ी उपस्थित है। गुमला|सैयद मुश्ताक अली क्रिकेट टूर्नामेंट चैंपियन ट्रॉफी सोमवार को गुमला स्थित तेलंगाना खड़िया क्रिकेट स्टेडियम पहुंची। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, एसपी गुमला हारिश बिन जमा उपस्थित हुए। इस अवसर पर अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि मुश्ताक अली क्रिकेट टूर्नामेंट जीत कर झारखंड ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह जीत झारखंड में क्रिकेट को ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद करेगी। इस जीत से जिले के खिलाड़ियों को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने इस ट्रॉफी की जीत पर जेएससीए के साथ साथ गुमला जिला क्रिकेट एसोसिएशन को भी बधाई दी। उधर जेएससीए के सुरेश कुमार ने कहा कि ट्रॉफी झारखंड के सभी जिले में ले जाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में क्रिकेट को बढ़ावा देने में जेएससीए हरसंभव मदद करेगी।


