कामडारा| कड़कड़ाती हुई ठंड में बीती रविवार की देर रात को लतरा गांव के सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण महिला-पुरुष, एंबुलेंस सहित मृतक भौका महतो के शव के साथ कामडारा थाना परिसर के बाहर पहुंचे और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग को लेकर देर रात तक अड़े रहे। वहीं देर रात में पुलिस व ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता व आश्वासन मिलने के बाद सभी ग्रामीण वापस अपने घर लौटे। जानकारी के मुताबिक कामडारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव लतरा में विगत 31 दिसंबर 2025 को बच्चों के बीच हुई झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। जिसमें कुल 6 लोग जख्मी हो गए थे। वहीं भौका महतो को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। जिसकी मौत गत 4 जनवरी 2026 को इलाज के क्रम में रांची रिम्स में हो गई। इधर इसकी खबर लगते ही मृतक के परिजनों में गुस्सा बढ़ गया और देर शाम को एक एंबुलेंस के माध्यम से मृतक का शव जैसे ही गांव लतरा पहूंचा। वैसे ही सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण महिला-पुरुष एकत्रित होकर उक्त एंबुलेंस सहित कड़कड़ाती ठंड में कामडारा थाना परिसर पहुंचे और थाना गेट के बाहर एंबुलेंस को खड़ा कर पुलिस से आरोपियों को यथाशीघ्र गिरफ्तार करने की मांग पर देर रात तक अड़े रहे। मालूम हो कि उक्त मारपीट मामले को लेकर बुधनी देवी नामक एक महिला ने एक जनवरी को कामडारा थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। इधर कामडारा पुलिस ने सोमवार की सुबह मे उक्त मामले पर दो आरोपी विदेशिया महतो पिता राजेश्वर महतो और अघनु महतो उर्फ घासी पिता बानेश्वर महतो को गिरफ्तार किया है।


