भास्कर न्यूज |गिरिडीह योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, सनातन संस्कृति, संघर्ष, सेवा और साधना के 31 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पतंजलि संस्थान एवं संगठन का 31वां स्थापना दिवस समारोह पतंजलि परिवार की ओर से सोमवार को शहर के गुरु नानक पब्लिक विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग, प्राणायाम से हुई, इसके बाद यज्ञ-हवन, भजन और सत्संग का आयोजन किया गया। गुरु नानक विद्यालय के सचिव सरदार कुंवर सिंह एवं विद्यालय प्राचार्य स्वप्न कुमार को पुष्पा शक्ति एवं परमेंद्र कुमार द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। संगठन हित में कार्य कर रहे योग शिक्षकों और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 70 वर्षीय वृद्ध योग साधक द्वारा शीर्षासन, मयूरासन, बकासन जैसे कठिन आसनों का प्रदर्शन रहा, जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए। संध्याकालीन योग कक्षा के साधकों ने मां अंबे गीत पर योग नृत्य प्रस्तुत किया। योग प्रदर्शन में सरिता प्रसाद और अनीता गंगा को पुरस्कार प्रदान किया गया। संगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुनीता बरनवाल, द्वितीय अविनाश प्रसाद तथा तृतीय स्थान राजू कुमार को मिला। इस दौरान निःशुल्क योग कक्षा संचालित करने वाले योग शिक्षकों एवं प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शहर और प्रखंड स्तर से आए योग शिक्षक एवं साधकों को स्वदेशी सामग्री जैसे दंतकांति, अगरबत्ती, च्यवनप्राश आदि देकर सम्मानित किया गया। 70 प्रतिशत से अधिक योग कक्षा में उपस्थिति दर्ज कराने वाले योग साधकों, जिनमें 70 वर्षीय निर्मल कौर भी शामिल रहीं, को विशेष सम्मान दिया गया।कार्यक्रम का संचालन भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने किया। संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह ने संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। गुरचरण प्रसाद ने योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी परमेंद्र कुमार, युवा प्रभारी रणधीर कुमार गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी पुष्पा शक्ति, सपना राय सहित बड़ी संख्या में पतंजलि परिवार के कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित थे। भोजन प्रसाद के उपरांत कार्यक्रम का समापन हुआ।


