भास्कर न्यूज |लुधियाना जान से मारने की नीयत से हथियारबंद 6 बदमाशों ने एक कारोबारी पर हमला कर दिया। वारदात 3 जनवरी की देर रात करीब 11 बजे आदर्श नगर, डाबा रोड पर हुई। पीड़ित नरिंदर, निवासी आदर्श नगर ने बताया कि वह बिजली के उपकरण बेचने का कारोबार करता है। वारदात की रात वह अपना मॉल बंद कर कार में सवार होकर घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार 6 बदमाश आए और आते ही कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने तलवारों से उस पर हमला कर दिया। पीड़ित ने भागने की कोशिश की तो हमलावर उसके पीछे दौड़े और दात व तलवारों से हाथ, पैर और सिर पर वार कर दिए। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी हमलावर फरार हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका एक दिन तक उपचार चला। इसके बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना डाबा की पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


