बिलासपुर में दिन का तापमान सामान्य से अधिक:सुबह और रात में ठंड का अहसास, दोपहर में तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंचा

बिलासपुर में मौसम का मिजाज फिर से बदलने लगा है। रविवार को दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हुई। हालांकि, अभी सुबह और रात में ठंड का असर है। लेकिन, दोपहर में तापमान सामान्य से अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। जिले में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। सुबह और रात में ठंड महसूस हो रही है। जबकि, दिन में धूप तेज लगने के साथ ही पसीना भी निकलने लगा है। रविवार को 14 दिन बाद दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। ऐसा लग रहा था कि ग्रीष्मऋतु के आने का संकेत हो चुका है। हालांकि, इस दौरान मौसम शुष्क रहा। रात में न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। शाम ढ़लने के बाद ठंड का अहसास होने लगा। फिर सक्रिय होगा नया विक्षोभ मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर 65 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभ-मंडल में 52 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में स्थित है। जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। आज शुष्क रहेगा मौसम फिर दो से तीन डिग्री बढ़ सकता है तापमान 20 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बिलासपुर समेत प्रदेश के उत्तरी भाग में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। नया विक्षोभ के असर से 23 जनवरी से न्यूनतम तापमान में वृद्धि का दौर शुरू होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *