लुधियाना| सर्वानंद यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने लोगों के सहयोग से सेखेवाल रोड पर नए साल के अवसर पर मोहल्ले की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना के लिए श्री सुखमणि साहिब जी के पाठ का आयोजन किया। इसमें गुरुद्वारा नानक प्रकाश के पाठी भाई मनजीत सिंह ने पाठ का आरंभ किया और बाद में मॉडल टाउन वाले रागी जत्था भाई हरप्रीत सिंह ने वैराग्यमयी कीर्तन के जरिए संगत को गुरुबाणी से जोड़कर निहाल कर दिया। इस अवसर पर पार्षद अमन बग्गा ने विशेष रूप से शिरकत कर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। सोसाइटी द्वारा किए जा रहे धार्मिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए युवाओं को नशे की लत से दूर रहकर सामाजिक व धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। सोसाइटी के प्रधान अरुण विग ने बताया कि यह संस्था पिछले 5 वर्षों से निरंतर परंपरा निभाते हुए हर साल जनवरी के पहले रविवार को इस समागम का आयोजन करती आ रही है।


