उदयपुर की खेरोदा थाना पुलिस ने 95.350 किलो डोडा चुरा बरामद करते हुए एक कार जब्त की है। पुलिस का कहना है कि पीछा करने के दौरान कार चला रहा युवक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। उनकी तलाश जारी है। थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने बताया कि भटेवर स्थित होटल वासुदेव के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। तभी चित्तौड़गढ़ की तरह से एक बलेनो कार आई और पुलिस जाब्ते को देखते ही वापस रॉन्ग साइड घुमा ली। कार चालक ने कार तेज की तो पुलिस ने पीछा करते हुए स्टॉप स्टीक की सहायता से कार के टायर पंक्चर किए। कार को नवानिया रेलवे पुलिया के पास रुकवाया गया। जहां कार में बैठा चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। कार की तलाशी ली तो उसमें से पांच प्लास्टिक के कट्टों में कुल 95.350 किलोग्राम डोडा चुरा पाया गया। कार से जालाराम विश्नोई पिता किशनाराम विश्नोई निवासी बाडमेर नाम के व्यक्ति का आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राईविंग लाईसेन्स तथा सुरेश कुमार विश्नोई पिता रामस्वरूप विश्नोई निवासी बडौदा की कार की आर.सी. बरामद हुई। कार को जब्त कर लिया। वहीं मामला दर्ज करते हुए फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच वल्लभनगर थानाधिकारी दिनेश पाटीदार को सौंपी है।


