अमृतसर | अमृतसर की जिला-सत्र जज जतिंदर कौर ने मोबाइल छीनने के मामले में आरोपी को 5 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला 19 दिसंबर 2023 का है। पुलिस स्टेशन रणजीत एवेन्यू के एएसआई सविंदर पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान बेस्ट वेस्टर्न होटल के पास जनता द्वारा मचाए गए शोर को सुन पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जिसकी पहचान अजय उर्फ दाना, निवासी गांव ठठा के रूप में हुई। सेंट्रल बैंक, रणजीत एवेन्यू के कर्मचारी मरजिम वैद शाम करीब 6 बजे ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे। जब वे ओल्ड जेल रोड के पास पहुंचे, तो मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। मरजिम वैद ने बहादुरी दिखाते हुए बाइक ञ के पीछे बैठे अजय को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।


