अमृतसर| जिले में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह 10.46 बजे दो दिन बाद सूर्य के दर्शन हुए सारा दिन सर्दी कम रही लेकिन शाम होते ही फिर ठंडी हवाओं ने ठंड बड़ा दी। सोमवार को अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक है। दिन और रात के तापमान में 4 डिग्री का ही अंतर है। सोमवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण धूप कमजोर रही और ठंड का अहसास बना रहा। सुबह और देर शाम के समय लोगों को सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस करनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा सकती है। अगले सात दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। 6 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि 7 जनवरी से 11 जनवरी तक आसमान अधिकतर साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वहीं अधिकतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। विभाग के मुताबिक रात के तापमान में गिरावट और सुबह के समय अधिक नमी के कारण ठंड और बढ़ सकती है। सोमवार सुबह 10.46 बजे निकली धूप। – फोटो सुनील कुमार।


