अमनदीप सिंह | अमृतसर आम आदमी पार्टी की सरकार का पांचवां साल आने को है, मगर शहर में अभी भी दर्जनों सड़कें बदहाल हैं। सीवरेज जाम पड़े हैं तो मेंटेनेंस को पार्क तरस रहे हैं। लोगों की शिकायतों के बाद दैनिक भास्कर ने शहर के पांच हलकों में से सबसे पहले दक्षिणी विधानसभा हलके का मौका–ए–मुआयना किया। इस दौरान हलके के 16 वार्डों की 26 सड़कें ऐसी मिलीं, जिनके गड्ढों को हजारों लोग रोज झेल रहे हैं। 10 जगह सीवरेज जाम मिले तो 5 पार्क बदहाल थे । दैनिक भास्कर ने बीते दो महीने में ‘वार्डनामा’ सीरीज के तहत लोगों की दिक्कतों को अफसरों और नेताओं के सामने रखा। इस पर कई सड़कों को बनवाया गया तो कई जगह सीवरेज जाम की समस्या दूर की गई, मगर हलके में अभी भी टूटी सड़कों और जाम की सीवरेज की समस्या बरकरार है। हलके की मुख्य सड़क सुल्तानविंड रोड पर 300 मीटर तक गड्ढों से भरी है। फ्लाईओवर की सर्विस लेन टूटी है। इस सड़क को पूरी तरह फिर से बनाने की जरूरत है। .वार्ड 36 से 54 तक हालात एक जैसे : दौरे के दौरान वार्ड 36 के दर्शन एवेन्यू में डेढ़ साल से सड़क टूटी पाई गई। इसी वार्ड के लक्खा सिंह दे प्लाट इलाके में सीवरेज ब्लॉकेज बनी हुई है। .वार्ड 37 के पत्ती मलको दी इलाके में देवा दा मंदिर के पास गली आज भी कच्ची है। जबकि बाकी गलियों को हाल ही में बना दिया गया है। वार्ड 38 के पीरा वाला बाजार की मुख्य सड़क पिछले दो साल से नहीं बनी, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। .वार्ड 39 के सुभाष कॉलोनी (मंदिर वाले प्लाट) में सभी गलियां बनने के बावजूद एक गली आज भी कच्ची छोड़ी गई है। इसके लिए लोग निगम को कोसते हैं। .वार्ड 40 में सुल्तानविंड रोड से न्यू कपूर नगर में एंट्री वाली मुख्य सड़क पर पिछले आठ महीनों से गड्ढे बने हुए हैं। .वार्ड 41 के कोट आत्मा राम इलाके में सड़क लंबे समय से नहीं बनाई गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। .वार्ड 42 की अंतरयामी कॉलोनी और न्यू अंतरयामी कॉलोनी में पिछले दो साल से सड़क निर्माण नहीं हुआ, कई हिस्सों में गड्ढे बने हैं। .वार्ड 43 के शहीद उधम सिंह नगर और न्यू शहीद उधम सिंह नगर में कई सड़कें अब भी टूटी हैं। इन सड़कों में पैचवर्क तक पूरा नहीं किया गया। .वार्ड 44 के गुरु अर्जन नगर में सीवरेज ब्लॉकेज और टूटी सड़कें बनी हुई हैं, जबकि दशमेश नगर गली नंबर-1 में सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। . वार्ड 45 के कोट मंगल सिंह और शर्मा कॉलोनी में सड़कें टूटी हैं, वहीं शर्मा कॉलोनी में सीवरेज जाम है। .वार्ड 46 में ढोली मोहल्ला से बाबा भौड़ीवाला चौक और प्रागदास चौक तक सड़कों पर गड्ढे और खुली सीवरेज नालियां मिलीं। माहना सिंह रोड और बाबा भौड़ीवाला इलाके में गंदगी बाहर बहती रहती है। .वार्ड 48 के ब्रह्मचारी गली और गिरवाली गेट के पास सीवरेज ब्लॉकेज है। यहां बने पार्क की हालत भी खराब है। .वार्ड 49 के कटरा दाल सिंह में सड़कें टूटी हैं, जबकि सवांक मंडी और दाल मंडी में सीवरेज जाम है। .वार्ड 50 में बुलारिया पार्क की बैक साइड से गुज्जरपुरा को जाती सड़क एक साल पहले बनने के बावजूद गड्ढों में बदल चुकी है। यहां सीवरेज ब्लॉकेज और बुलारिया पार्क की बदहाली भी सामने आई। सीवरेज ब्लॉकेज से काफी परेशनी बनी हुई है। . वार्ड 54 के खजाना गेट अंदरूनी हिस्से में सीवरेज ब्लॉकेज है, जबकि संत नगर में कई जगह पैचवर्क अधूरा है और पार्क बदहाल हैं। हलका दक्षिण के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर ने कहा कि हलके में 3 बड़े प्रोजेक्ट लाए गए हैं। इ नमें न्यू अमृतसर फ्लाईओवर, सुल्तानविंड नहर फ्लाईओवर और तरनतारन फ्लाईओवर की चौथी लेग शामिल हैं। हलके में मौजूद कूड़े के डंप से 11 लाख टन में से 1.5 लाख टन कूड़ा खत्म कर दिया है। सड़कों पर पैचवर्क जारी है। सीवरेज जाम की समस्या काफी हद तक कंट्रोल कर ली है। ^जहां-जहां सीवरेज की समस्या सामने आती है, उसे 24 घंटे के भीतर ठीक किया जाता है। सड़कों के निर्माण का काम 15 दिसंबर तक किया गया, लेकिन लुक प्लांट बंद होने से इसे रोका गया है। प्लांट खुलते ही बाकी सड़कों का काम भी शुरू करवाएंगे । पार्कों में भी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। निगम समस्याओं का समाधान नियमित कर रहा है। – बिक्रमजीत सिंह शेरगिल , कमिश्नर, नगर निगम पूर्व विधायक हलका दक्षिण इंदरबीर सिंह बुलारिया ने कहा कि बुलारिया पार्क का बुरा हाल है और स्टेडियम से लाखों रुपए की चोरी होने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़कों की हालत खराब है और सीवरेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय जिन सड़कों के टेंडर लगे थे, उन्हीं सड़कों पर आम आदमी पार्टी ने काम दिखाया।


