घरवालों को कमरे में बंद कर की चोरी:गिरिडीह में 5 लाख रुपए नकद-जेवरात ले उड़े चोर, छत पर मिला खाली बक्सा

गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की सरिया में बीती रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने विशेश्वर पासवान के घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात चोर विशेश्वर पासवान के घर में दाखिल हुए। चोरों ने सबसे पहले घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने बगल के कमरे का ताला तोड़ा और वहां रखे बक्सों व अलमारियों की तलाशी ली। चोरों ने बड़ी ही आसानी से नकद और जेवरात समेट लिए और फरार हो गए। करीब 5 लाख की चोरी को दिया अंजाम परिजनों के मुताबिक चोर करीब 1 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात ले गए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए आंकी जा रही है। घर में रखे कई बक्से और अलमारियां टूटी हुई हालत में मिलीं, जबकि सारा सामान बिखरा पड़ा था। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो उन्होंने खुद को कमरों में बाहर से बंद पाया। किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकलने पर घर की हालत देख सभी सन्न रह गए। घर की छत पर एक खाली बक्सा मिलने के बाद चोरी की पुष्टि हुई। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया, जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। चोरों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार बड़की सरिया और आसपास के इलाकों में बीते कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *