पुलिस पर बस चढ़ाने की कोशिश आरोपी बस चालक हुआ गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | कोंडागांव देश–प्रदेश में पुलिसकर्मियों पर बढ़ते हमलों के बीच कोंडागांव जिले से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। तमनार और दंतेवाड़ा के बाद अब केशकाल घाटी में एक तेज रफ्तार बस चालक ने पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डाल दी। घटना रविवार 4 जनवरी की रात की है। केशकाल घाटी में भारी जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान जगदलपुर से नागपुर जा रही बस का चालक तेज गति से लापरवाहीपूर्वक गलत दिशा से ओवरटेक कर रहा था। यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिस दल ने जब विश्रामपुरी चौक पर बस को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर बस चढ़ाने की कोशिश की। स्थिति यहीं नहीं रुकी, बस से उतरने के बाद आरोपी चालक ने पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज और विवाद किया। डीएसएफ आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर थाना केशकाल में आरोपी के खिलाफ धारा 109, 121(1), 132 एवं 296 बीएनएस के तहत केस दज्र किया गया। आरोपी पुष्पेंद्र कुमार कोर्राम (29 वर्ष) पिता सोहनराम कोर्राम निवासी सिंगनपुर खासपारा, केशकाल को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *