25KM पीछा कर अवैध धान से भरा ट्रक पकड़ा:बलरामपुर प्रशासन की कार्रवाई, यूपी से 750 बोरी लेकर आया था ड्राइवर

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। वाड्रफनगर अनुविभाग क्षेत्र में उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे अवैध धान से भरे एक ट्रक को लगभग 25 किलोमीटर पीछा करने के बाद पकड़ा गया। ट्रक में करीब 750 बोरी धान लदी थी, जिसके वैध दस्तावेज नहीं थे। जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी की रात गिरवानी मार्ग पर बैरियर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, ड्राइवर वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अधिकारी अलर्ट हुए सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई की गई। तहसीलदार वाड्रफनगर, तहसीलदार रघुनाथनगर, नायब तहसीलदार और पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने रात में ही सघन तलाशी अभियान शुरू किया। लगभग 25 किलोमीटर के क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान के दौरान अलग-अलग संभावित रास्तों और गांवों की गहन जांच की गई। लगातार प्रयासों के बाद प्रशासनिक और पुलिस टीम ने पेंडारी क्षेत्र में अवैध धान से भरे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक को वाड्रफनगर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। जिले में लगातार निगरानी जारी कलेक्टर राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शासन के निर्देशानुसार धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में बैरियरों पर सतर्कता बढ़ाई गई है और नियमित जांच की जा रही है। अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी देने की अपील अनुविभागीय अधिकारी (रा.) नंदेहा ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अवैध धान परिवहन या भंडारण की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *