पश्चिमी सिंहभूम में सोमवार की देर रात एक बार फिर जंगली हाथी के हमले से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। यह घटना गोईलकेरा थाना क्षेत्र के सोवा गांव में हुई। हाथी ने झोपड़ी पर हमला कर तीन लोगों को कुचल दिया। पिछले 6 दिनों में दंतैल हाथी 9 ग्रामीणों की जान ले चुका है, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद वन विभाग अब तक हाथी को ट्रैक तक नहीं कर पाया है। गांवों में दहशत का माहौल है। झोपड़ी में सोते वक्त हाथी ने किया हमला इधर, सोमवार की देर रात मारे गए लोगों में कुंदरा बहदा, उनकी बेटी कोदमा बहदा और बेटे सामु बहदा शामिल है। कुंदरा बहदा अपने परिवार के साथ झोपड़ी में सो रहे थे। देर रात एक जंगली हाथी गांव में घुस आया और उनकी झोपड़ी पर हमला कर दिया। मृतक की दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हमले के दौरान कुंदरा बहदा की पत्नी अपनी जान बचाने में सफल रहीं। हालांकि, उनकी दूसरी बेटी जिंगी बहदा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिंगी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है। 20 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर 20 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की। सरकारी मुआवजे से संबंधित कागजी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जंगल से सटे गांवों में हाथियों की आवाजाही बढ़ी ग्रामीणों में लगातार हो रहे हाथी हमलों को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि जंगल से सटे गांवों में हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित निगरानी, हाथी भगाने की व्यवस्था और स्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। हाथी के हमले से हाल में हुई घटनाएं 1 जनवरी: पश्चिमी सिंहभूम टोंटो प्रखंड के बांडीजारी गांव में मंगल सिंह देवगम (34) को मारा। 1 जनवरी: टोंटो प्रखंड के बनई गांव निवासी हुरदप बहांद (55) को मारा। पत्नी सुखमति बानरा, पड़ोसी मानी कुंटिया को किया घायल। 1 जनवरी: पश्चिमी सिंहभूम रोरो निवासी विष्णु सुंडी को मारा। 2 जनवरी: गोईलकेरा के बाइपी के मंदरु कयोम (36) खलिहान में मारा। पुत्र रेगा कयोम (13) घायल। 3 जनवरी: गोइलकेरा प्रखंड के कितापी गांव में महिला चंपाई कुई (47) को मारा। पति रंजन टोपनो और पुत्र काहिरा टोपनो घायल। 4 जनवरी: गोइलकेरा प्रखंड के केंदुकोचा गांव में हाथी के हमले में जोंगा कुई (56) की हुई मौत।


