10 सूत्री मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे पटवारी:कलेक्ट्रेट पर धरना दिया, सीएम के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

जालोर में 10 सूत्री मांगों को लेकर पटवारियों ने सोमवार को कार्य का बहिष्कार किया। पटवारी सड़कों पर उतरे और रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया। दोपहर 3 बजे कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर मांगों के समाधान की मांग की। इस दौरान जालोर-सांचौर में कार्यालयों में पटवारियों से जुड़े कामकाज ठप रहे। राजस्थान पटवार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश ठऊकिया ने बताया- पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित करते हुए ग्रेड पे 3600 (एल-10) करने, गिरदावरी ऐप में पटवार संघ के अपेक्षित संशोधन करवाने, सर्वेयर नियुक्ति की नहीं करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि 1035 पटवार मंडल व भानोत कमेटी में वित्तीय स्वीकृति से शेष पटवार मंडल एवं भू अभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति बजट घोषणा संख्या 177 वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत 1035 नवीन पटवार मंडलों की घोषणा की गई थी। लेकिन इन पटवार मंडलों की ओर से भानोत कमेटी में वित्तीय स्वीकृति से शेष पटवार मंडल एवं भू अभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं की गई है। पटवारी से वरिष्ठ पटवारी पद की रिव्यू डिपीसी एवं डेफर्ड एवं लिफाफा बंद प्रकरणों का निस्तारण करवाने, 752 नव सृजित भू अभिलेख निरीक्षक पदों के निर्धारण संबंधित पत्रावली पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की। इनके अलावा पटवारी की हार्ड ड्यूटी एवं स्टेशनल भत्तों में करने समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर पटवारियों ने शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पर धरना- प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर समाधान की मांग की। इस दौरान जालोर- सांचौर के बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *