जमशेदपुर के राजस्थान भवन में आयोजित 24वीं झारखंड राज्य सीनियर एवं 9वीं राज्य कैडेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के 43 खिलाड़ियों ने कुल 26 पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जिसमें 15 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन और पूर्वी सिंहभूम ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा 18-19 जनवरी 2025 को आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने क्योरोगी और पुमसे दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पश्चिम सिंहभूम ने पुमसे श्रेणी में ओवरऑल चैंपियनशिप जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। याना सोय, पूनम सोय, सुनिता बोबोंगा सहित 15 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता। अनुष्का मुंडरी, चंचल सोय समेत 7 खिलाड़ियों ने रजत पदक और सुनिता बोबोंगा, सुशील सुंडी सहित 4 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक प्राप्त किया। पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनुराग शर्मा ने इस उपलब्धि को खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, कोचों के समर्पण और टीम वर्क का परिणाम बताया। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी अब 28 से 31 जनवरी को हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष प्रमोद भगेरिया, उपाध्यक्ष विजय दत्ता और टीवी कलाकार दिनकर शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


