भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट पर गिरदावरी ऐप में अपेक्षित संशोधन सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्थान पटवार संघ के बैनर तले पटवारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इससे पूर्व जिलेभर के पटवारियों ने शहर में आक्रोश रैली भी निकाली। राजस्थान पटवार संघ के बैनर तले पटवारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल और कार्य बहिष्कार कर रहे है। भीलवाड़ा के पटवारियों द्वारा लगातार हड़ताल जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं होती है तो आने वाले समय में भीलवाड़ा के पटवारियों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। पटवार संघ जिलाध्यक्ष सारिका यादव ने बताया कि आज जिले के समस्त पटवारियों ने शहर में आक्रोश रैली निकाली। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आज गिरदावरी ऐप में संशोधन करना, संशाेधन उपलब्ध कराने, वित्तीय स्वीकृति जारी करने सहित दस सूत्रीय मांगों को लेकर आज रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया गया। 13 जनवरी से उनका यह आंदोलन अनवरत जारी है। जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं हो जाती, तब तक हम यह धरना जारी रखेंगे।


