केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे-148 को फोरलेन निर्माण के लिए 818 करोड़ 40 लाख रुपये की टेंडर प्रक्रिया के आदेश जारी किए हैं। 65 किलोमीटर लंबे दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे का पेव्ड सोल्डर के साथ फोरलेन निर्माण होने से सड़क हादसों में कमी आने के साथ खाटूश्यामजी और मेहंदीपुर बालाजी दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। फिलहाल दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे-148 टू-लेन हाईवे है, जो दौसा में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे और खुरी कलां गांव में जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे को लिंक करता है। इस हाईवे पर भारी यातायात दबाव के चलते पिछले वर्षों में हुए हादसों में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। कई माह पहले यहां पिकअप हादसे में खाटूश्यामजी से लौट रहे यूपी के एक दर्जन श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। कृषि मंत्री समेत कई नेताओं ने लिखे थे पत्र यहां पिछले दिनों 11 श्रद्धालुओं की मौत के बाद कृषि मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीणा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया और सांसद मुरारी लाल मीणा समेत कई नेताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मुद्दा उठाया था। सांसद ने लोकसभा में था उठाया मुद्दा सांसद मुरारी लाल मीना ने 9 अगस्त 2024 को पहली बार केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर मांग रखी थी। 8 अगस्त 2024 को संसद के शून्यकाल में मुद्दा उठाया, 18 मार्च 2025 को दूसरी बार पत्र लिखा और 14 अगस्त 2025 को फिर से मंत्री को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि केवल ब्लैक स्पॉट सुधार से समस्या का समाधान नहीं होगा, पूरे हाईवे को फोर-लेन निर्माण जरूरी है। सफर सुरक्षित और सुगम होगा- सांसद सांसद ने कहा कि 65 किलोमीटर के हाइवे पर जितने एक्सीडेंट होते हैं, शायद देश के किसी अन्य हाईवे पर नहीं होते। यह केवल सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा नहीं है, बल्कि आमजन और श्रद्धालुओं की जान की सुरक्षा का प्रश्न है। अब यह हाईवे फोर-लेन बनने जा रहा है। इससे न केवल सफर सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि रोजगार, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बड़ा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।


