दतिया में मंगलवार दोपहर गोराघाट थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। खेत के सौदे को लेकर बातचीत के बहाने बुलाकर आरोपी ने महिला को सुनसान प्लाट पर बने कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह जान बचाकर पीड़िता वहां से भागी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। 50 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मण कुशवाह को खेत बेच दिया था, जिसकी जानकारी उसे नहीं दी गई थी। बाद में जब उसे इसका पता चला तो उसने लक्ष्मण से खेत वापस करने की बात कही। इसी दौरान लक्ष्मण ने कहा कि वह उस व्यक्ति से बात करा देगा, जिसे खेत आगे बेचा गया है। महिला ने भाग कर पति-बेटे को सच्चाई बताई
पीड़िता के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे लक्ष्मण ने उसे सोनागिर तिराहे पर मिलने बुलाया। वहां से वह उसे बाइक पर बैठाकर गुलियापुरा स्थित अपनी बहन के प्लाट पर ले गया। प्लाट पर बने मकान में ताला लगा था, जिसे खोलकर आरोपी महिला को अंदर ले गया। आरोप है कि कमरे में पहुंचते ही लक्ष्मण ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और महिला के साथ जबरदस्ती करने लगा। महिला के चिल्लाने पर भी आरोपी नहीं रुका। किसी तरह खुद को छुड़ाकर महिला कमरे से बाहर निकली और भागते हुए हाईवे रोड तक पहुंची। घटना के बाद पीड़िता ने फोन कर अपने पति और बेटे को पूरी बात बताई। इसके बाद वह अपने पति, बेटे, भाई और भतीजे के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


