झाबुआ जिले के पेटलावद क्षेत्र के ग्राम बावड़ी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने 9 ट्रैक्टरों की बैटरियां चुरा लीं। इस घटना से क्षेत्र के 6 किसानों को लगभग 75 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। चोरी की यह पूरी वारदात गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से घरों के बाहर खड़े ट्रैक्टरों को निशाना बनाया। उन्होंने गांव में घूम-घूमकर एक के बाद एक कई ट्रैक्टरों से बैटरियां निकालीं। चोरी की इस वारदात का खुलासा सोमवार शाम को हुआ, जब ग्रामीणों ने आपस में चर्चा की और पाया कि उनके कई ट्रैक्टरों से बैटरियां गायब हैं। इस चोरी में नंदराम शंकरलाल पाटीदार की तीन बैटरियां, भागीरथ नाथूराम पाटीदार के वाहन से दो बैटरियां, दिनेश मोहन भाभर, रविंद्र नंदराम पाटीदार, गोपाल संग्राम सिंह राठौर और भेरूलाल बालूराम पाटीदार के ट्रैक्टरों से बैटरियां शामिल हैं। कुल मिलाकर नौ बैटरियां चोरी हुई हैं। बावड़ी निवासी नंदराम पटेल ने बताया कि उनकी एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों से कुल तीन बैटरियां चोरी हुई हैं। भाजपा नेता गोपाल सिंह राठौर ने जानकारी दी कि तीन लोग बाइक पर सवार होकर आए और ट्रैक्टरों से बैटरियां चुराकर ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने बताया कि इस मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच कर आरोपियों को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।


