बुरहानपुर के जव्हेरीवाड़ा क्षेत्र के रहवासी बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में एक निजी कंपनी द्वारा लगाए जा रहे मोबाइल टॉवर का विरोध किया और इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत दर्ज कराई। रहवासियों ने बताया कि जव्हेरीवाड़ा महाजना पेठ क्षेत्र में एक खाली मकान है, जिसके मालिक बलवाड़ा तहसील खकनार में रहते हैं। इसी स्थान पर एक निजी कंपनी द्वारा मोबाइल टॉवर स्थापित किया जा रहा है। मोहल्ले के लोगों को इस पर कड़ी आपत्ति है। उनकी मुख्य चिंता रेडिएशन के खतरे को लेकर है, जिसका असर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। रहवासियों का कहना है कि यह एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, इसलिए यहां टॉवर लगाना उचित नहीं है। उन्होंने भविष्य में किसी अनहोनी की आशंका भी जताई और मांग की कि मामले की जांच कराकर टॉवर लगाने की अनुमति न दी जाए। वार्ड नंबर एक जव्हेरीवाड़ा के पार्षद भारत इंगले ने कहा कि वे टॉवर न लगाने की शिकायत लेकर यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इस टॉवर की अनुमति न देने के संबंध में ज्ञापन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभागों ने टॉवर की अनुमति दे दी। पार्षद इंगले ने चेतावनी दी कि यदि टॉवर लगाया गया तो वार्ड के रहवासी आंदोलन करेंगे।


