पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो हिंदू–मुस्लिम की राजनीति के सहारे सत्ता में आई, लेकिन सत्ता में आने के बाद हिंदुओं की सुरक्षा और सम्मान की अनदेखी की गई। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा चुनाव के समय “हिंदू खतरे में है” जैसे नारे देकर जनता की भावनाओं से खेलती है और सत्ता हासिल करती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वही हिंदू असुरक्षा, उपेक्षा और हिंसा का सामना कर रहे हैं। यही भाजपा की असली नीति और असली चरित्र है। खाचरियावास बोले- बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर केंद्र सरकार मौन कांग्रेस नेता ने कहा कि आज बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ लगातार बर्बरता की घटनाएं सामने आ रही हैं। हिंदुओं की खुलेआम हत्याएं की जा रही हैं, उनके घर, मंदिर और व्यापारिक प्रतिष्ठान तोड़े जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद केंद्र की भाजपा सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है और हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। नाकामी छिपाने के लिए देश में फैलाया जा रहा सांप्रदायिक ज़हर खाचरियावास ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में मर रहे हिंदुओं से ध्यान हटाने के लिए देश के अंदर एक बार फिर हिंदू–मुस्लिम का ज़हर फैलाने का काम किया जा रहा है, ताकि हिंदू संगठनों को गुमराह किया जा सके और असली मुद्दों पर सवाल न उठें। उन्होंने कहा कि सवाल बिल्कुल स्पष्ट है—जो पार्टी देश के भीतर हिंदू–मुस्लिम का माहौल खड़ा कर सकती है, वह बांग्लादेश में हिंदुओं की रक्षा क्यों नहीं कर पा रही है? क्या हिंदुओं की जान सिर्फ चुनाव के समय ही कीमती होती है? नारे नहीं, अब हिंदू समाज को सुरक्षा चाहिए पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कूटनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और ठोस कदम उठाने चाहिए। खाचरियावास ने दो टूक कहा कि अब हिंदू समाज को नारे नहीं, सुरक्षा चाहिए। अब भाषण नहीं, कार्रवाई चाहिए।


