सीकर के दांतारामगढ़ थाना इलाके में चोरों ने बीती रात को एक मकान से करीब 22 लाख के जेवरात चोरी कर लिए। चोर चोरी करने के लिए बाइक लेकर आए थे। जो सीढ़ियां लगाकर मकान में घुसे। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डॉग स्क्वायड और एमओबी टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। चोरी की घटना दांतारामगढ़ थाना इलाके के श्यामपुरा खाचरियावास गांव में हुई। यहां चोरों ने अर्जुनलाल धायल के मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर करीब 22 लाख के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने पहले तो छत के पास सीढ़ी लगाई। जिसके जरिए वह छत पर आए। फिर घर की सीढ़ियों के रास्ते वह नीचे मकान में आए। जिन कमरों में लोग सो रहे थे उन्हें बाहर से लॉक कर दिया। इसके बाद बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने यहां चोरी करने के पहले भी गांव में दो से तीन मकान में चोरी की वारदात करने की कोशिश की। लेकिन वहां सफल नहीं हुए तो चोर अर्जुन लाल के घर पर आ गए। जैसे ही ग्रामीणों को गांव में चोरी के प्रयासों का पता लगा तो उन्होंने अर्जुन लाल को कॉल करके रात के समय इसकी सूचना दी। अर्जुन लाल ने जब अपने मकान में देखा तो कई कमरों को बाहर से लॉक किया हुआ था। उन्होंने कमरों को अनलॉक किया और फिर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। चोर इतने शातिर थे कि उन्होंने गांव में लगी एक लाइट को भी तोड़ दिया जिससे कि किसी को उनके चेहरे नहीं दिख सके। चोर बाइक लेकर आए थे। पुलिस को घटनास्थल के पास से बाइक के टायर के निशान मिले हैं। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।


