स्वेटर पर ऑमलेट के टुकड़े ने कातिल तक पहुंचाया:ग्वालियर में AI इमेज से महिला की पहचान; प्रेमी ने शराब पिलाकर रेप किया, पत्थर पटककर मार डाला

ग्वालियर में आठ दिन पहले हुए एक महिला के अंधे कत्ल का खुलासा करने में पुलिस ने अपनी पूरी स्किल्स लगा दी। पकड़ा गया आरोपी मृतका से 9 साल छोटा है। उसने कुबूल किया कि उसने पहले अपनी गर्लफ्रेंड को शराब पिलाई फिर रेप किया और सिर पर पत्थर पटक कर मार डाला। घटनास्थल से पुलिस को मृतका के स्वेटर से ऑमलेट का टुकड़ा मिला था। टुकड़ा बहुत छोटा सा एविडेंस था, लेकिन पुलिस ने तकनीक का इस्तेमाल कर इसे सबसे बड़ा क्लू बना लिया। पुलिस ने पहले AI से महिला के कुचले चेहरे को आकार दिया, फिर उसे CCTNS (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्किंग सिस्टम) में अपलोड किया तो टीकमगढ़ की संगीता उर्फ सुनीता पाल की पूरी जानकारी सामने आ गई, क्योंकि यह महिला लापता हुई थी और नवंबर 2024 में मिली थी। इसके बाद अंडे के 200 ठेले खंगाले तो महिला को एक युवक के साथ देखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की टीम ने 50 से ज्यादा CCTV खंगाल कर पूरा खुलासा कर दिया। AI तकनीक ने दिया शुरुआती क्लू
पुलिस ने जब घटनास्थल पर जांच की तो महिला का चेहरा पूरी तरह बिगड़ा हुआ था। पुलिस के लिए उसकी पहचान चुनौती बन गई थी। पहचान होती तभी पुलिस आगे कदम बढ़ा पाती। इसी समय पुलिस ने एआई तकनीक से महिला के चेहरे को रि-कंस्ट्रक्शन कराया। इससे पुलिस को एक फोटो मिला। जब उसे महिला के जेब से मिले आमलेट के टुकड़े के साथ अंडे के ठेलों पर पूछताछ की तो उसे एक युवक के साथ देखे जाने की बात पता लगी। CCTNS ने ग्वालियर से टीकमगढ़ पहुंचाया, मिला रिकॉर्ड
जब चेहरा मिला तो महिला का आधा अधूरा नाम मिला। किसी ने कल्लो तो किसी ने कालीबाई नाम बताया। इसके बाद पुलिस के सॉफ्टवेयर CCTNS यानी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्किंग सिस्टम पर काम करने वाली टीम ने AI तकनीक से बने फोटो को इस सॉफ्टवेयर पर डाला। 30 से 35 साल की महिलाओं की मिसिंग रिपोर्ट खंगाली। यह हुलिया और फेस टीकमगढ़ की संगीता उर्फ सुनीता पाल से मैच कर गया। पता लगा वह गायब हुई थी और नवंबर 2024 में पुलिस ने उसे बरामद किया। टीकमगढ़ पहुंची पुलिस को पता लगा कि संगीता नशे की आदी थी। कई शादियां कर चुकी थी। उसका आखिरी पति जिससे दो साल पहले अलग हुई थी उसका नाम पप्पू है। मृतका के हाथ पर भी पप्पू लिखा हुआ था। यह पुलिस का दूसरा पड़ाव था। CCTV कैमरे ने दिया आरोपी का चेहरा
इसके बाद पुलिस की एक पांच सदस्यीय टीम ने आधा सैकड़ा CCTV कैमरे खंगाल दिए। जिसमें अंडे के ठेले वाले के बताए अनुसार एक संदेही महिला के साथ एक स्पॉट पर दिखा। यही पुलिस का प्रमुख संदेही था। फुटेज को साफ किया और सोमवार को स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की तो उसने पूरा खुलासा कर दिया। वो धोखा दे रही थी, शराब पिलाकर दुष्कर्म किया और मार डाला
पुलिस ग्वालियर रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-4 के पास से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में संदिग्ध की पहचान 26 वर्षीय सचिन सेन पुत्र राजेंद्र सेन निवासी यादव धर्मकांटा पुल के नीचे हजीरा ग्वालियर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि मृतक महिला के साथ प्रेम संबंध था। वह उससे शादी भी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध हैं। मारने का प्लान बनाकर महिला को उस दिन घटनास्थल ले गया। पहले उसे शराब पिलाई और बहला फुसलाकर झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ रेप किया। फिर चेहरे पर पत्थर पटककर हत्या कर दी। 29 दिसंबर को मिला था महिला का अर्धनग्न शव
शहर के भिंड रोड नारायण विहार कॉलोनी की झाड़ियों में कटारे फार्म के पास 29 दिसंबर 2025 की शाम एक महिला का अर्धनग्न शव मिला था। महिला की हत्या चेहरे पर पत्थर से वार कर की गई थी। जिस कारण महिला का चेहरा काफी बिगड़ा हुआ था। यही कारण था कि महिला की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। घटनास्थल को देखकर पहली नजर में ही स्पष्ट हो गया था कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर, महिला के कपड़े, पुरुष के कपड़े बरामद किए थे। हालात देखकर पहले कयास लगाया था कि महिला के साथ रेप करने के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में रेप होने की बात सामने नहीं आ सकी है, लेकिन पुलिस को डिटेल रिपोर्ट का इंतजार है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *