उज्जैन पुलिस ने लाखों के गुम जेवर बरामद किए:सीसीटीवी से मिले सुराग के आधार पर की थी तलाश, फरियादी को सुरक्षित सौंपे

उज्जैन में माधव नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाखों रुपए के गुम हुए सोने के जेवर बरामद किए हैं। ये जेवर कुछ ही घंटों के भीतर फरियादी को सुरक्षित सौंप दिए गए। यह घटना 5 जनवरी 2026 की है। ग्राम भैरूपुरा, तहसील तराना निवासी राहुल आंजना ऋषि नगर स्थित केपरी गोल्ड लोन बैंक से अपने सोने के जेवर छुड़वाकर लौट रहे थे। वाहन में बैठते समय उन्होंने अपनी जैकेट उतारकर रखी थी और आगे बढ़ गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने जांच की तो जैकेट में रखी दो सोने की झूमकी और दो बालियां गायब मिलीं। इन जेवरों का वजन लगभग एक तोला और अनुमानित मूल्य 1.35 लाख रुपए था। जेवर गुम होने के बाद फरियादी ने तत्काल माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही माधव नगर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने बैंक परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक राहगीर फोन पर बात करता हुआ बैंक के पास से गुजरता दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उसी दिशा में तलाशी अभियान तेज किया। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप, बैंक के पास ही एक बंधी हुई पुड़िया में सभी गुम हुए जेवर सुरक्षित अवस्था में मिल गए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद जेवर फरियादी राहुल आंजना को सौंप दिए। राहुल आंजना ने माधव नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *