राष्ट्रभक्ति समूह गान प्रतियोगिता ‘स्वर शतकम’ संपन्न:शहर के महाविद्यालयों ने दीं ओजस्वी प्रस्तुतियां, ITM प्रथम

संस्कार भारती द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रभक्तिपूर्ण समूह गान प्रतियोगिता ‘स्वर शतकम’ का मंगलवार शाम को समापन हो गया। जीवाजी विश्वविद्यालय और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के सहयोग से यह प्रतियोगिता जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में आयोजित की गई थी। अंतिम दिन महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें शहर के विभिन्न महाविद्यालयों से 150 से अधिक युवा कलाकारों ने भाग लिया। इन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभागार में राष्ट्रभक्ति का माहौल निर्मित किया। राष्ट्रगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने श्रोताओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जिससे सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आरएसएस के प्रांत सहकार्यवाह विजय दीक्षित, विभाग कार्यवाह निरुपम निवासकर और स्कूल शिक्षा के सहनिदेशक अशोक पवार भी विशेष रूप से मौजूद थे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. साधना मोहिते, पं. अनंत महाजनी और पं. उमेश कंपुवाले शामिल थे। संस्कार भारती की ओर से प्रांतीय मंचीय कला संयोजक प्रदीप दीक्षित, मार्गदर्शक अशोक आनंद, उपाध्यक्ष मानव महंत, सह महामंत्री मनीष दीक्षित, मंत्री बृज किशोर दीक्षित और प्रचार प्रमुख कुलदीप पाठक सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंचीय कला संयोजक डॉ. विकास विपट ने किया। प्रतियोगिता में आईटीएम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि जीवाजी विश्वविद्यालय की टीम को तृतीय स्थान मिला। प्रतियोगिता के दौरान “वसुंधरा परिवार हमारा…”, “उठो जवान देश पुकारता…”, “हम करें राष्ट्र आराधन…”, “आरंभ है प्रचंड…” और “निर्माणों के पावन युग में हम चरित्र निर्माण न भूलें…” जैसे राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। संस्कार भारती द्वारा दोनों स्तरों की विजेता तीन-तीन टीमों को 14 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4 बजे जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *