भास्कर न्यूज| बाड़मेर चौहटन क्षेत्र में सोमवार की रात को ग्रामीणों की सतर्कता से ऊंटों की तस्करी कर ले जा रहे ट्रक को ग्रामीणों ने खारिया राठौड़ान फांटा पर रुकवाया तथा पुलिस को सुपुर्द किया। पंजाब पासिंग ट्रक चालक तरसिंह पुत्र मेजरसिंह खारिया राठौड़ान गांव से 17 ऊंटों को भरकर अवैध रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार लेकर जा रहा था। गांव से ट्रक में ऊंटों को ले जाने के संबंध में ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। इस पर ग्रामीणों ने खारिया राठौड़ान फांटा पर ट्रक का रास्ता रोका और ट्रक को रुकवाया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ा तथा ट्रक की जांच करने पर उसमें 17 ऊंट बंधे हुए मिले। इस पर ग्रामीणों ने चौहटन पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर चौहटन पुलिस भी मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया तथा ऊंटों को अस्थाई तौर पर गौशाला में रखवाया। ^ऊंटों से भरे ट्रक को जब्त कर लिया गया है। प्राथमिक जांच में तस्करी के तार उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। तस्करों के खिलाफ राजस्थान ऊंट अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। -ललित किशोर, थानाधिकारी, चौहटन। पुलिस ने सभी ऊंटों को सुरक्षित बाहर निकालकर चारे-पानी की व्यवस्था करवाई। पुलिस ने सभी 17 ऊंटों को गोशाला में अस्थाई रूप से रखा गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस ट्रक के यूपी और बिहार से कनेक्शन खोज रही है। ग्रामीणों द्वारा खारिया राठौड़ान में ट्रक को रुकवाया और तलाशी ली तो इन बेजुबान जानवरों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। मुंह डोरियों से बंधा था तथा यह पशु गाड़ी में हिल भी नहीं पा रहे थे। तस्करों ने ऊंटों के मुंह को डोरी से कसकर इसलिए बांध दिया था ताकि वे शोर न मचा सके और न ही हिल-डुल सकें। बेजुबानों के प्रति इस क्रूरता को देख ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। साथ ही ऊंटों को ट्रक में भरवाने वाले दो अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।


