शिव महापुराण कथा 13 जनवरी से, 12 को शहर में निकलेगी कलश यात्रा

बाड़मेर. शिव महापुराण कथा के पोस्टर का विमोचन करते हुए। भास्कर न्यूज | बाड़मेर साध्वी ऋतम्भरा के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में वात्सल्य सेवा केन्द्र बाड़मेर के तत्वावधान में शिव महापुराण कथा का आयोजन 13 से 19 जनवरी तक किया जाएगा। कथा का वाचन साध्वी सत्यसिद्धा के मुखारविंद से आबकारी कार्यालय के पास, लालोणियों की ढाणी स्थित वात्सल्य सेवा केन्द्र परिसर में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। कथा के शुभारंभ से पूर्व 12 जनवरी को सुबह 11 बजे शहर में कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा मुकुंदजी मंदिर से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, अहिंसा सर्किल, किसान छात्रावास, सेवा सदन होते हुए विवेकानंद सर्किल तक पहुंचेगी। परम शक्ति पीठ वात्सल्य सेवा केन्द्र बाड़मेर के अध्यक्ष ओमप्रकाश मेहता ने बताया कि कथा के दौरान ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा के सिद्धपीठाधीश्वर तुलछाराम महाराज, महंत जगदीश पुरी महाराज, महंत व पोकरण विधायक प्रतापपुरी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य रहेगा। कथा का समापन 20 जनवरी को हवन पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा। मेहता ने बताया कि वात्सल्य सेवा केन्द्र में निराश्रित बालिकाओं को आवास, शिक्षा-दीक्षा के साथ आध्यात्मिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। कथा के माध्यम से बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ‘एक बेटी को गोद लेकर’ वर्षभर सहयोग का अवसर भी श्रद्धालुओं को मिलेगा। कथा में भाग लेने के लिए बाड़मेर शहर से लालोणियों की ढाणी स्थित कथा स्थल तक प्रतिदिन नि:शुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है, जो भगवान महावीर टाउन हॉल के पास से दोपहर 1 बजे रवाना होगी। कथा आयोजन को लेकर मंगलवार को सेवा सदन में पोस्टर का विमोचन किया गया। ओमप्रकाश मेहता, साध्वी सत्यसिद्धा, भारत विकास परिषद शाखा बाड़मेर के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, एडवोकेट रतनलाल सोनी, शर्मिला चौहान, नवीन सिंघल, किशोर शर्मा, महेश सुथार, सम्पत लूणिया, ताराचंद चोपड़ा, किशन मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *