भीलवाड़ा में महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर 108 एम्बुलेंस का गेट लॉक होने से महिला मरीज की मौत के मामले की जांच होगी। चिकित्सा विभाग ने 4 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है, जो पूरे मामले की जांच करने के बाद रिपोर्ट सौंपेगी। बता दें कि दैनिक भास्कर डिजिटल में प्रसारित खबर ‘अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस का लॉक जाम होने से महिला की मौत’ का चिकित्सा विभाग ने संज्ञान लिया और मामले को गंभीर माना। इसके तुरंत बाद घटना की बिंदुवार जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। इन लोगों को सौंपी जांच की जिम्मेदारी जांच कमेटी में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा, सहायक लेखाधिकारी प्रेमप्रकाश भाम्बी, डीपीओ एनएचएम योगेश वैष्णव, यूनिट हेड GVK EMRI अबरार को शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीपी गोस्वामी ने बताया- प्रतापनगर क्षेत्र में एक घायल महिला को अस्पताल लाने के दौरान 108 एम्बुलेंस (वाहन संख्या RJ14-PD-7015) का गेट तकनीकी समस्या के कारण लॉक जाम हो गया। इस कारण महिला को कांच तोड़कर बाहर निकालना पड़ा और उसकी मौत हो गई। इस पर विभाग ने तुरन्त संज्ञान लेकर इस घटना की जांच के लिए आदेश जारी कर चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। सीएमएचओ डॉ0 गोस्वामी ने मामले की विस्तृत जांच कर अविलंब तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जांच कमेटी को दिए। जिससे घटना की वास्तविकता सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। यह था मामला
भीलवाड़ा में महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर रविवार को 108 एम्बुलेंस का गेट लॉक हो गया, जिससे उसमें लाई गई महिला मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। महिला के बेटे ने आरोप लगाया था कि मेडिकल डिपार्टमेंट की लापरवाही के कारण उसकी मां की जान गई है। घटना प्रताप नगर इलाके में सुबह 10:30 बजे हुई थी। इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें महिला के परिजन एम्बुलेंस का गेट खोलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन काफी देर तक गेट खुला ही नहीं। एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर भी नहीं था। वहीं मृतकों के परिजनों ने एम्बुलेंस के ड्राइवर पर अस्पताल लाने की बजाए तीन किलोमीटर दूर ले जाने का भी आरोप लगाया था। ये भी पढ़ें:-
अस्पताल के बाहर एंबुलेंस का गेट लॉक, मरीज की मौत:कांच तोड़कर बॉडी बाहर निकाली; पहले ड्राइवर रास्ता भूला, 3 किमी दूर ले गया था भीलवाड़ा में महात्मा गांधी अस्पताल के बाहर 108 एंबुलेंस का गेट लॉक हो गया, जिससे महिला मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। महिला के बेटे ने आरोप लगाया कि मेडिकल डिपार्टमेंट की लापरवाही के कारण उसकी मां की जान गई है।(पूरी खबर पढ़िए)


