महावीर नगर बस्ती में हिंदू सम्मेलन की तैयारी बैठक

भास्कर न्यूज | बाड़मेर महावीर नगर बस्ती में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन को लेकर 4 जनवरी रविवार को शाम 4 बजे जगदंबा मंदिर रोडवेज बस स्टैंड परिसर में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्व समाज के बंधुओं ने सहभागिता की और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रतापमल खत्री को कार्यक्रम का संरक्षक मनोनीत किया गया। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से स्थानीय कार्यकारिणी का गठन किया गया, इसमें अनुभवी वरिष्ठ जनों के साथ मातृ शक्ति एवं युवा शक्ति को भी जोड़ा गया। समिति के प्रचार प्रमुख भगवानदास ने जानकारी दी कि 24 जनवरी शाम 4 बजे कार्यक्रम स्थल डॉ. अंबेडकर भवन, महावीर नगर में कालू शर्मा एंड पार्टी द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात संत-महात्माओं व प्रबुद्धजनों के आशीर्वचन होंगे तथा महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए सह-संयोजक देवानंद ने कहा कि हिंदुत्व ही राष्ट्रीयत्व है और हिंदू संस्कृति के जागरण से ही भारत माता पुनः परम वैभव को प्राप्त करेगी। वहीं समिति सदस्य रामकुमार पंवार ने सर्व समाज से सम्मेलन को सफल बनाने को सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर संत समाज के आशीर्वाद स्वरूप चंचल नाथ मठ के मठाधीश शंभुनाथ के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में उनके हाथों से कार्यक्रम के बैनर का विमोचन भी किया गया। बैठक में उपस्थित जनों ने सम्मेलन को भव्य बनाने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *