बाड़मेर| भामाशाह एवं समाजसेवी मोहनलाल हुड्डा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढोक में राजस्थान की नेटबॉल टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए समस्त खेल किट भेंट की गई। यह टीम आगामी 8 जनवरी को आयोजित होने वाले नेटबॉल के राष्ट्रीय टूर्नामेंट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर मोहनलाल हुड्डा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रशासन, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने भामाशाह मोहनलाल हुड्डा का आभार व्यक्त किया। भास्कर न्यूज | बाड़मेर शिव शक्ति ग्रुप बाड़मेर द्वारा पहली बार आयोजित रात्रिकालीन अखिल भारतीय ब्राह्मण स्वर्णकार क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन कुल सात मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। आयोजक कृष्ण गोपाल ने बताया कि पहला मुकाबला राज क्लब सिवाना और पिंक पेंथर मोकलसर के बीच खेला गया। राज क्लब सिवाना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पिंक पेंथर मोकलसर ने 5 विकेट खोकर मैच अपने नाम किया। दूसरा मैच माजीसा क्रिकेट क्लब और महाकाल 11 के बीच हुआ। माजीसा क्रिकेट क्लब ने पहले खेलते हुए 141 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, इसके जवाब में महाकाल 11 की टीम 87 रन ही बना सकी। तीसरा मुकाबला रामा धणी और खेमा बाबा रॉयल्स के बीच खेला गया, जिसमें रामा धणी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए। जवाब में खेमा बाबा रॉयल्स ने खेल दिखाते हुए 8 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। चौथे मैच में जय श्री राम और फ्रेंड्स ग्रुप बाड़मेर आमने-सामने रहे। जय श्री राम की टीम 89 रन ही बना सकी, इसे फ्रेंड्स ग्रुप बाड़मेर ने मात्र 5 ओवर में हासिल कर मुकाबला जीत लिया। पांचवां मुकाबला राज क्लब सिवाना और श्री गाजण माता क्लब के बीच खेला गया। इस मैच में राज क्लब सिवाना केवल 50 रन ही बना पाई, जबकि श्री गाजण माता क्लब ने बिना कोई विकेट गंवाए 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 10 जनवरी की रात्रि को खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।


