जिले में घना कोहरा छाया, दो दिन रहेगा असर; 9 जनवरी से शीतलहर

अलवर| जिले में मंगलवार को सुबह से धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रात की सर्दी में कोई राहत नहीं मिली। मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर ही टिका रहा। सुबह के समय शहर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई। बाद में धूप निकलने पर कोहरे का असर कुछ कम हुआ, लेकिन सर्दी का प्रकोप दिनभर बना रहा। मंगलवार सुबह और शाम के समय वायुमंडल में नमी 88 प्रतिशत रही। इसी वजह से कोहरे का असर लगातार देखने को मिला। हवा की गति करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे सुबह और शाम ठंड का असर और तेज महसूस हुआ। दिन में धूप निकलने से नमी का स्तर घटकर 78 प्रतिशत पर आ गया, लेकिन इसके बावजूद सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही। अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री रहा। आगामी दो दिन में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। वहीं बादलों की ओट में रहने के चलते चंद्रमा नहीं दिखाई देने से सकट चतुर्थी का व्रत रखने वाली महिलाएं परेशान नजर आई। शीतलहर से तापमान गिरेगा : मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक जिले में घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद 9 जनवरी से शीतलहर का असर तेज हो सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि उत्तरी भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण जिले में वायुमंडलीय नमी बढ़ रही है। इसी वजह से कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। अगर हवा की गति बढ़ती है, तो शीतलहर और ज्यादा प्रभावी हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *