नशा तस्करी और सेवन के मामलों में 5 गिरफ्तार

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में नशा करने और नशे की तस्करी के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पहले मामले में थाना डेहलों की पुलिस ने 25 किलो भुक्की (चूरा पोस्त) के साथ एक तस्कर को काबू किया। आरोपी की पहचान विक्रमजीत सिंह पुत्र प्रकाश चंद, निवासी मोहल्ला श्री हरकृष्ण नगर, न्यू शिमलापुरी के रूप में हुई है। जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव आलमगीर इलाके में PB-03-AT-0805 नंबर के कैंटर के जरिए नशे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर कैंटर की तलाशी ली गई, जहां से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। दूसरे मामले में थाना डिवीजन-4 की पुलिस ने किला मोहल्ला क्षेत्र से नशा करते हुए राजन शर्मा, निवासी संजय गांधी कॉलोनी को गिरफ्तार किया। तीसरे मामले में थाना सराभा नगर की पुलिस ने अयाली कलां इलाके से रोहित कुमार, निवासी गांव बाड़ेवाल अवाणा को नशा करते हुए पकड़ा। चौथे मामले में थाना डिवीजन-5 की पुलिस ने हरकीरत पुरा रेलवे क्वार्टर में रेड कर 4 ग्राम हेरोइन के साथ गुरप्रीत सिंह, निवासी दशमेश नगर को गिरफ्तार किया। पांचवें मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने गलाडा ग्राउंड में नशा करते हुए सरवन, निवासी न्यू हरिकृष्णा कॉलोनी को काबू किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *