भास्कर न्यूज़ | लुधियाना एनआरआई नागरिक से करीब 80 लाख रुपये की कथित ठगी और धोखाधड़ी के मामले में एनआरआई थाना लुधियाना (शहर) में केस दर्ज किया गया है। मामला लंबे समय तक जांच के बाद दर्ज हुआ, जिसमें आरोपी पर भरोसा तोड़ने, पैसे हड़पने और संपत्ति के नाम पर धोखा देने के गंभीर आरोप हैं। स्विट्जरलैंड के निवासी शिकायतकर्ता अरविंद कुमार शर्मा वर्ष 1988 से वहीं रह रहे हैं। उन्होंने 25 नवंबर 2024 को एनआरआई विंग में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि आरोपी सतपाल, निवासी जवाहर नगर, लुधियाना, उनके पारिवारिक मित्र थे और दोनों की दोस्ती वर्ष 2010-11 से थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने वर्ष 2021 से अलग-अलग बहानों से पैसे लेना शुरू किया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने पहले बिजनेस बढ़ाने और मकान निर्माण के नाम पर पैसे मांगे। 2021 से 2024 के बीच अरविंद कुमार ने बैंक ट्रांसफर और नकद के जरिए करीब 80 लाख रुपये आरोपी को दिए। इस दौरान उन्होंने अपने बैंक लोन चुकाने के लिए दोस्तों से भी 24.38 लाख रुपये उधार लिए। आरोपी ने आश्वासन दिया था कि वह दुकान बेचकर रकम लौटा देगा। आरोप है कि फरवरी 2022 से फरवरी 2023 के बीच आरोपी ने करीब 7.50 लाख रुपये किश्तों में लौटाए, लेकिन बाकी रकम के लिए लगातार टालमटोल करता रहा। जनवरी 2024 में जब शिकायतकर्ता ने पूरी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। इसके बाद 7 जून 2024 को पंचायत हुई, जिसमें समझौते के तहत आरोपी ने जवाहर नगर स्थित अपनी एक दुकान (31 वर्ग गज, अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये) की रजिस्ट्री कराने पर सहमति दी।


