55 हजार वापस मांगे तो युवकों ने घेरकर पीटा, युवक घायल

भास्कर न्यूज |लुधियाना लुधियाना के गिल रोड स्थित जी.एन.ई. कॉलेज के सामने उधार दिए पैसे वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने उसे रास्ते में घेरकर बेरहमी से पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान मोहम्मद सदाम, निवासी किला रहमतगढ़, न्यू बस्ती मलेरकोटला के रूप में हुई है। सदाम ने पुलिस को बताया कि वह जी.एन.ई. कॉलेज के सामने मूंगफली और अंडों की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोपियों से उसका दूर का रिश्ता है। पीड़ित के अनुसार, करीब दो महीने पहले आरोपियों ने उससे 55 हजार रुपए उधार लिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी उसे लगातार टालते रहे। इसी बात को लेकर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। सदाम ने बताया कि आरोपी खासिम, साहिल खान, ललन खान, आजिम उर्फ बोना और उनके कुछ अज्ञात साथी उसे रास्ते में घेरकर ले गए। आरोप है कि सभी ने लात-घूंसे और हथियारों से उस पर हमला किया। शोर सुनकर जब राहगीर मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। मामले में जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *