भास्कर न्यूज |गिरिडीह सदर प्रखंड के बजटो पंचायत सचिवालय सभागार में मंगलवार को पंचायत स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया अनिता वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक उपस्थित रहे। यह बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित की गई थी। बैठक में ग्राम पंचायत बजटो अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंबेडकर आवास योजना, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, मनरेगा तथा पंचायती राज से संबंधित योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। सभी योजनाओं की प्रगति, लाभुकों की स्थिति एवं लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ गणेश रजक के निर्देश पर पंचायत प्रतिनिधि, रोजगार सेवक, जेई एवं पंचायत सचिव ने प्रगति प्रतिवेदन के साथ समय पर बैठक में भाग लिया। इस दौरान बीडीओ ने क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं का निरीक्षण किया। बीडीओ ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने विशेष रूप से आवास योजनाओं एवं मनरेगा से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुखिया अनिता वर्मा ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। पंचायत समिति सदस्या आरती देवी ने भी योजनाओं के त्वरित निष्पादन पर बल दिया। बैठक में बीडीओ गणेश रजक, मुखिया अनिता वर्मा, पंचायत समिति सदस्या आरती देवी, पंचायत सेवक वशिष्ठ सिंह, रोजगार सेवक धनंजय दास, मनरेगा एई संतोष महथा, जेई अब्बास अंसारी, पीएम आवास योजना प्रखण्ड समन्वयक राजकुमार, उप मुखिया गणेश कुमार वर्मा, वार्ड सदस्य हरिहर साव, अनिल कुशवाहा, दिलीप यादव, हरि सोरेन, अजीत वर्मा, राजकुमार दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित थे।


